दुर्ग: जमानत पर घर लौटा पति… पत्नी ने सिलबट्टे से कर दी हत्या

दुर्ग के भिलाई इलाके में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा (वार्ड 35) में पत्नी ने गुस्से में अपने ही पति की हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय डोमन साहू और उसकी पत्नी हीरामणी साहू (करीब 35 साल) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घर में रोजाना होने वाले झगड़ों से पड़ोसी भी परेशान थे और इसका असर उनके दो बच्चों पर भी पड़ रहा था।

जमानत के बाद हुआ विवाद, बना मौत का कारण

जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल को पत्नी ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

शाम को जमानत पर घर लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर हमला कर दिया।

मौके पर ही हुई मौत

सिर पर गंभीर चोट लगने से डोमन साहू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को सुपेला अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

शराब और घरेलू विवाद बना वजह

पड़ोसियों के मुताबिक, मृतक अक्सर शराब के नशे में घर में झगड़ा करता था और कई बार बच्चों के साथ मारपीट भी करता था। इसी कारण पत्नी पहले से ही परेशान थी और कई बार शिकायत कर चुकी थी।

और नया पुराने