राजनांदगांव। विजयादशमी पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 से हर्ष फायरिंग करने के मामले में राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस मुख्यालय ने इस मामले को संज्ञान में लिया है।
दरअसल, विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया था। इस दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूजा की। इसके बाद साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग करने का उनका वीडियो और तस्वीरें चर्चा में आ गईं।
फायरिंग के तरीके और पुलिस के शस्त्र नियमों को लेकर सवाल उठने के बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा। इसके निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने एसपी से जवाब मांगा है।
आईजी अजय यादव के मुताबिक, एसपी के स्पष्टीकरण और उनकी टिप्पणी के बाद मामले को पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद मुख्यालय के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, एसपी का जवाब सामने आने और आगे के निर्देशों का इंतजार है।
