सिदावंड में पटपर झांकी का जलवा, धार्मिक प्रसंगों को देखने रातभर जुटे रहे लोग

 

https://www.news4u36.in/2026/10/sidawand-patpar-jhanki-vijayadashami-celebration.html

फरसगांव। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक विजयदशमी पर कोंडागांव जिले के सिदावंड में देखने को मिली। यहां आयोजित पटपर झांकी में मां काली के रौद्र स्वरूप से लेकर शिव विवाह तक कई प्रसंग प्रस्तुत किए गए। आयोजन में आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दर्शकों की संख्या करीब डेढ़ लाख बताई गई है।

कार्यक्रम में डोंगरगढ़ के श्री दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी परिवार, पटपर ने धार्मिक प्रस्तुतियां दीं। मां काली के रौद्र रूप, द्रौपदी चीरहरण और शिव विवाह के मंचन ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं, छत्तीसगढ़ी जस गीतों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच दर्शक देर रात तक कार्यक्रम में बने रहे।

जनप्रतिनिधियों ने भी की शिरकत

पटपर झांकी के इस आयोजन में पूर्व विधायक संतराम नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हीरासिंह नेताम और जिला पंचायत सदस्य जयलाल नाग शामिल हुए। इनके अलावा केशकाल थाना प्रभारी, तहसीलदार और क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

सिदावंड में आयोजित इस प्रसिद्ध झांकी ने विजयदशमी के अवसर पर धार्मिक आयोजनों और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

और नया पुराने