रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी पहली बार राज्य के दौरे पर पहुंचीं। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उनसे मुलाकात करने पहुंचे।
स्मृति ईरानी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। उनके स्वागत के लिए इस बार शहर में पोस्टर और होर्डिंग नहीं लगाए गए। इसके बजाय राजधानी में जगह-जगह भाजपा के झंडे नजर आए। बताया गया कि पोस्टर-बैनर लगाने से मना किया गया था। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से प्रस्तावित बाइक रैली भी देर रात रद्द कर दी गई।
एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और रायपुर महापौर मीनल चौबे ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्मृति ईरानी के नेतृत्व में भाजपा और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के स्वागत में पोस्टर लगाने की होड़ के बजाय कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, इससे कार्यकर्ता आपसी प्रतिस्पर्धा में उलझने के बजाय संगठन के लिए बेहतर काम कर सकेंगे।
वहीं, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि स्मृति ईरानी के दौरे के दौरान कई बैठकें होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता और मजबूती से काम करेंगे।
