अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में दो पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। दुर्ग से कैदी को अंबिकापुर जेल पहुंचाने आए ASI और आरक्षक प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे में बेसुध मिले। हैरानी की बात यह रही कि उनकी इंसास राइफल भी लावारिस हालत में पड़ी थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, ASI जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी दुर्ग जिले में पदस्थ हैं। दोनों एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वे प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास नशे की हालत में पड़े मिले।
मौके पर मौजूद लोगों ने जब दोनों पुलिसकर्मियों को इस हालत में देखा, तो बस स्टैंड चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लावारिस पड़ी इंसास राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी बेसुध अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। उनके पास राइफल का लावारिस हालत में मिलना सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी में लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामले में सरगुजा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कार्रवाई करते हुए ASI जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को निलंबित कर दिया है। दोनों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया है।

