रायपुर। राजधानी के उरला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पोदवाल टायर फैक्ट्री में सोमवार को आग लगने की घटना सामने आई। हादसे के वक्त फैक्ट्री के भीतर मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग लगने से वहां कामकाज के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई। सुरक्षा के लिए फैक्ट्री के दरवाजे बंद कर दिए गए।
टार के रिसाव से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में टायर निर्माण के दौरान इस्तेमाल होने वाले टार का रिसाव आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
दमकल की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां फैक्ट्री पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। फिलहाल आग से कितनी क्षति हुई है और घटना में कोई हताहत हुआ है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
