रायपुर के कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ में मौत हो गई। 56 वर्षीय दीपक संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक थे। वह मार्कफेड की बैठक के सिलसिले में चंडीगढ़ पहुंचे थे। होटल के कमरे में उनकी मौत के बाद पुलिस यह जानने में जुटी है कि आखिर उनके साथ क्या हुआ था।
मामला बुधवार सुबह सामने आया, जब होटल के एक कर्मचारी ने कमरे में उन्हें बेहोश पड़ा देखा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कमरे में मिलीं शराब की बोतल और दवाइयां
पुलिस को कमरे से शराब की खाली बोतल और कुछ दवाइयां मिली हैं। इसी आधार पर नशे की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि कारोबारी की मौत कैसे हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
महिला की भूमिका की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, दीपक मित्तल के साथ एक महिला को घटना से एक रात पहले होटल में देखा गया था। उससे हिरासत में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कारोबारी की मौत से पहले क्या हुआ था। फिलहाल मौत की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच जारी है।
