अभनपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम टीला स्थित निर्माणाधीन एनीकट के पास महानदी में एक अज्ञात महिला का शव मिला है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने महानदी के किनारे महिला का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में निर्माणाधीन एनीकट क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी थी। ऐसे में महिला के बाढ़ के पानी में बहने और डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस महिला की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
