अभनपुर जनपद पंचायत की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। जनपद अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग को लेकर 9 सदस्यों ने आवेदन दिया है।
आवेदन में सदस्यों ने अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि महत्वपूर्ण फैसलों में जनपद सदस्यों को उचित रूप से विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। सदस्यों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के तहत विशेष सम्मेलन बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने की मांग की है।
बताया गया है कि 25 सदस्यीय जनपद पंचायत में अध्यक्ष भाजपा समर्थित हैं, जबकि आवेदन देने वाले सदस्य कांग्रेस समर्थित बताए जा रहे हैं। आवेदन पर 9 सदस्यों के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया है।
हालांकि आवेदन अभनपुर SDM कार्यालय में दिया गया, लेकिन SDM ने स्पष्ट किया कि अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया के लिए कलेक्टर सक्षम अधिकारी हैं। अब आवेदन पर कलेक्टर स्तर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल यह मामला आवेदन के स्तर पर है। विशेष सम्मेलन और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी या नहीं, इसका फैसला प्रशासन की अगली कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगा।
