रायपुर। दलेर मेहंदी की एक लाइव परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब उनके स्वास्थ्य तक पहुंच गया है। उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी प्रस्तुति पर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद कॉमेडियन कपिल शर्मा ने सामने आकर सिंगर का पक्ष रखा और उनकी बीमारी से जुड़ी जानकारी साझा की।
कपिल ने सोशल मीडिया पर मीका सिंह का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि दलेर मेहंदी की गंभीर सर्जरी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी की परिस्थितियों को जाने बिना उसके बारे में राय नहीं बनानी चाहिए। कपिल ने दलेर के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मीका सिंह ने भाई की सेहत पर क्या कहा?
मीका सिंह ने अपने भाई का बचाव करते हुए बताया कि दलेर मेहंदी पिछले दो साल से बीमार हैं और अब भी स्वस्थ होने की प्रक्रिया में हैं। मीका ने यह भी कहा कि उनके भाई शराब नहीं पीते। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद दलेर अपने बैंड के साथ परफॉर्म कर रहे हैं।
35 लाख रुपये की परफॉर्मेंस पर उठा था विवाद
मामला टिहरी गढ़वाल में आयोजित मां कुंजापुरी मेले का है। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर असंतोष जताया था। उनका आरोप था कि सिंगर मंच पर ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे और गाने खुद गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे।
मंत्री के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे। उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकार को अपनी प्रस्तुति के साथ न्याय करना चाहिए था।
प्रीतम भरतवाण ने भी दी प्रतिक्रिया
उत्तराखंड के लोक गायक और पद्म श्री सम्मानित प्रीतम भरतवाण ने भी इस विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह निश्चित तौर पर नहीं बता सकते कि दलेर मेहंदी ने शराब पी थी या नहीं।
इस मामले में जहां मंत्री ने सिंगर की प्रस्तुति पर सवाल उठाए हैं, वहीं कपिल शर्मा और मीका सिंह ने उनकी सेहत का हवाला देते हुए उनका समर्थन किया है।
