बिलासपुर: शराब के नशे में स्कूल पहुंचना पड़ा भारी, शिक्षक पर गिरी निलंबन की गाज

बिलासपुर। बहेरामुड़ा के एक शासकीय स्कूल में शराब के नशे में पहुंचकर कथित तौर पर अनुशासनहीनता करने वाले सहायक शिक्षक चतरपाल सिंह राज के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन समिति को शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। 

https://www.news4u36.in/2026/10/bilaspur-teacher-suspended-pm-modi-objectionable-comment.html


यह कार्रवाई वायरल वीडियो और विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी के 4 अक्टूबर 2026 के आदेश के मुताबिक, जांच में सामने आया कि शिक्षक 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय में शराब के नशे में स्कूल परिसर में पहुंचा था।

जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि शिक्षक ने कैमरे के सामने अनुशासनहीनता की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। विभाग ने इसे शिक्षक के आचरण नियमों के विपरीत बताते हुए स्कूल की गरिमा और प्रतिष्ठा प्रभावित होने की बात कही है।

24 घंटे में मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट

मामला अनुदान प्राप्त संस्था से जुड़ा होने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन समिति को संबंधित शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्रवाई पूरी होने के बाद 24 घंटे के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भेजने को कहा गया है।

आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में निलंबन की कार्रवाई नहीं की जाती है तो संबंधित शिक्षक के समस्त वेतन भुगतान पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन समिति की होगी।

वायरल वीडियो में वेतन को लेकर भी किया था दावा

मामला सामने आने के बाद वायरल वीडियो में शिक्षक द्वारा करीब 10 महीने से वेतन नहीं मिलने का दावा किए जाने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी के इस आदेश में वेतन संबंधी दावे की पुष्टि नहीं की गई है। आदेश में कार्रवाई का आधार जांच प्रतिवेदन, वायरल वीडियो और शिक्षक के आचरण से जुड़े आरोप हैं। 



और नया पुराने