बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में इस बार काजी तौकीर को सलमान खान के सवालों का सामना करना पड़ेगा। शो के नए प्रोमो के मुताबिक, सलमान दो अलग-अलग मामलों में काजी की क्लास लगाते नजर आएंगे। इनमें पहला मामला गुल्लू और नकुल ढुल के बीच हुई मारपीट से जुड़ा है, जबकि दूसरा स्काउट ओपी के कान में थूकने की हरकत को लेकर है।
गुल्लू का साथ नहीं देने पर उठे सवाल
इस हफ्ते बिग बॉस के घर में नकुल ढुल और कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के बीच हाथापाई हो गई थी। इसके बाद बिग बॉस ने फिजिकल वॉयलेंस के नियम का उल्लंघन करने पर नकुल को घर से बाहर कर दिया।
वीकेंड का वार के प्रोमो में सलमान खान इस घटना पर बात करते हुए गुल्लू की तारीफ करते हैं। वह कहते हैं कि गुल्लू ने उस समय खुद पर काबू रखा। वहीं, काजी तौकीर को लेकर सलमान सवाल उठाते हैं कि झगड़ा शुरू होने पर वह अपनी जगह से उठे तक नहीं, जबकि उन्हें तुरंत प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। इस पर काजी अपनी गलती मानते हुए पछतावा जताते हैं।
स्काउट के कान में थूकने पर भी नाराज हुए सलमान
काजी तौकीर की दूसरी गलती स्काउट ओपी के कान में थूकने से जुड़ी है। प्रोमो में सलमान इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए सवाल करते हैं कि काजी को इसमें मजाक जैसा क्या लगा। इस पर काजी अपनी सफाई देते नजर आते हैं।
कैसे शुरू हुआ था पूरा विवाद?
दरअसल, काजी तौकीर ने मजाक के दौरान स्काउट ओपी के कान में थूक दिया था। बाद में नकुल ढुल ने यह बात स्काउट को बताई। इसके बाद काजी से सवाल-जवाब शुरू हुए, जिसमें गुल्लू ने भी अपनी बात रखी। इसी दौरान नकुल नाराज हो गए और गुल्लू पर हमला कर दिया।
मारपीट के बाद घर के कई सदस्यों ने नकुल के शो में रहने पर आपत्ति जताई। इसके बाद बिग बॉस ने उन्हें नियमों के उल्लंघन के कारण घर से बाहर कर दिया।
अब वीकेंड का वार में सलमान खान इन दोनों मामलों पर काजी तौकीर से सवाल करते नजर आएंगे।
