भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। खास बात यह है कि रकम गाड़ी के पिछले हिस्से में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नकदी की जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई है।
गाड़ी की तलाशी में सामने आया गुप्त चेंबर
पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) में बड़ी मात्रा में नकदी लेकर रायपुर से नागपुर की ओर जाया जा रहा है। इसके बाद खुर्सीपार पुलिस ने सोमवार रात करीब 11 बजे डबरापारा इलाके में वाहन को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी का पिछला हिस्सा सामान्य से अलग और बदला हुआ नजर आया। जब उसकी बारीकी से जांच की गई, तो अंदर एक गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर उसमें भारतीय मुद्रा छिपाकर रखी हुई मिली। नकदी की गिनती करने पर कुल रकम 4 करोड़ रुपये निकली।
दो लोगों से पूछताछ, रकम के स्रोत की जांच
पिकअप में दो लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, उनकी पहचान वाहन चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है, कहां से लाई गई थी और इसे नागपुर ले जाने का क्या उद्देश्य था।
पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। रकम के स्रोत और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जानकारी जुटाने के लिए आयकर विभाग को भी सूचित किया जा रहा है। फिलहाल, नकदी से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
