कोरबा। सात साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस घटना के खिलाफ कटघोरा में लोगों का गुस्सा सड़कों पर नजर आया। बड़ी संख्या में लोग कैंडल मार्च में शामिल हुए और मासूम को श्रद्धांजलि देकर उसके लिए न्याय की मांग उठाई।
जय स्तंभ चौक से शुरू हुआ मार्च शहीद वीर नारायण सिंह चौक तक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की। प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने अपराधों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने और दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
मजदूरी करने आया था परिवार, अचानक लापता हुई बच्ची
बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। करीब चार महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में परिवार अपने चार बच्चों के साथ कोरबा के रजगामार इलाके में आया था। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास की राशन दुकान से सामान लेने निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने अपने स्तर पर बच्ची को तलाशा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार की चिंता बढ़ती गई।
तलाश के तीन दिन बाद सामने आई दर्दनाक घटना
मामले की सूचना मिलने पर रजगामार चौकी पुलिस ने बच्ची की खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। करीब तीन दिन बाद गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में बालको क्षेत्र के निवासी अमित चौहान को गिरफ्तार किया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने के दौरान वकीलों ने उसकी पिटाई कर दी थी। साथ ही, उन्होंने उसका मुकदमा नहीं लड़ने का ऐलान भी किया था।
कटघोरा में निकाला गया कैंडल मार्च इसी आक्रोश का प्रतीक रहा। इसमें शामिल लोगों ने बच्ची को श्रद्धांजलि देते हुए मांग की कि मामले में सख्त कार्रवाई हो और परिवार को जल्द न्याय मिले।
