अजीत अगरकर का चीफ सेलेक्टर के तौर पर कार्यकाल खत्म होने की खबर सामने आने के कुछ ही घंटे बाद रवींद्र जडेजा सोशल मीडिया पर एक्टिव नजर आए। उन्होंने BCCI की उस पोस्ट पर कमेंट किया, जिसमें नए चीफ सेलेक्टर के पद के लिए आवेदन मांगे गए थे।
जडेजा ने BCCI से सीधे सवाल किया कि चीफ सेलेक्टर के पद के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है? उनका यह कमेंट सामने आते ही क्रिकेट जगत में इसकी चर्चा शुरू हो गई।
जडेजा सोशल मीडिया पर कम ही रहते हैं एक्टिव
रवींद्र जडेजा सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहते। इससे पहले उन्होंने 19 फरवरी को एक पोस्ट पर जवाब दिया था। उस दौरान उन्होंने नेपाल क्रिकेट से जुड़े एक ट्वीट पर भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के साथ बातचीत की थी।
ऐसे में BCCI की सेलेक्टर वाली पोस्ट पर उनका कमेंट कई लोगों का ध्यान खींच रहा है।
अगरकर-जडेजा के बीच कभी खुला विवाद नहीं हुआ
रवींद्र जडेजा और अजीत अगरकर के बीच कभी सार्वजनिक तौर पर कोई सीधा टकराव सामने नहीं आया। हालांकि, अगरकर के कार्यकाल में भारतीय T20 टीम में सीनियर खिलाड़ियों की जगह युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया था।
ऑस्ट्रेलिया में 2022 T20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद टीम में बदलाव की योजना पर काम शुरू हुआ। अगरकर की सोच थी कि टीम को युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा करना चाहिए और खेलने का नया तरीका अपनाना चाहिए।
@BCCI What the procedure?🤣
— Ravindrasinh jadeja (@imjadeja) October 7, 2026
2024 T20 वर्ल्ड कप से पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई। लेकिन भारत के वर्ल्ड कप जीतने के बाद तीनों ने T20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया। इसके बाद टीम में बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
2024 और 2025 की वनडे सीरीज में नहीं मिला मौका
अगरकर के कार्यकाल में जडेजा को 2024 में श्रीलंका और 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। हालांकि, अगरकर ने कई मौकों पर जडेजा को वनडे टीम का अहम खिलाड़ी बताया था।
टीम से बाहर किए जाने के फैसले पर जडेजा ने भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने साफ कहा था कि चयन उनके हाथ में नहीं है और वह खेलना चाहते हैं।
जडेजा के मुताबिक, टीम मैनेजमेंट, सेलेक्टर, कोच और कप्तान किसी खिलाड़ी के चयन को लेकर अपनी सोच रखते हैं। उन्होंने बताया था कि टीम की घोषणा से पहले उनसे बातचीत की गई थी, इसलिए चयन न होने पर उन्हें ज्यादा हैरानी नहीं हुई।
