रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP रोड पर ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, मां-बेटी स्कूटी से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान टेमरी निवासी 35 वर्षीय गंगा साह और उनकी 9 साल की बेटी रितिका के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस कर रही जांच
यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। हादसा कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है।
