रायपुर। राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित अंतर्राज्यीय बस स्टैंड में शनिवार को एक बस के अंदर कंडक्टर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय वसीम मोहम्मद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बरवैली गांव का रहने वाला था।
घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है। शनिवार दोपहर रायपुर बस सर्विस की खड़ी बस (CG 07 CW 9712) के अंदर वसीम का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलते ही बस स्टैंड में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजन रायपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस वसीम के साथ काम करने वाले कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल, उसकी मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। मामले की जांच जारी है।
