शिष्य की मौत के 9 दिन बाद प्रेमानंद महाराज के आश्रम की अपील, जानें क्या कहा

 



प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी की मौत के 9 दिन बाद राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से बयान जारी किया गया है। आश्रम प्रबंधन ने अपने फेसबुक पेज पर अपील जारी कर घटना पर दुख जताया और पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।

ट्रस्ट ने कहा कि पिछले दिनों हुई घटना से पूज्य महाराज जी और उनके सभी अनुयायी बेहद आहत हैं। साथ ही साधक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। ट्रस्ट ने कहा कि पुलिस प्रशासन घटना की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच करे, इसमें आश्रम की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।

अफवाहों से बचने की अपील

आश्रम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अधूरी जानकारी, अफवाहों या किसी अनुमान के आधार पर प्रेमानंद महाराज और आश्रम की छवि खराब न करें।

ट्रस्ट का कहना है कि पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।

तीन परिवारों ने आश्रम के बाहर किया हंगामा

दीपक लोधी और रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद मामला लगातार चर्चा में है। इसी बीच अलग-अलग जगहों से आए तीन परिवार अपने लापता परिजनों की तलाश में आश्रम के बाहर पहुंचे और हंगामा किया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

मौत के 9 दिन बाद आया बयान

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि आश्रम की ओर से घटना के 9 दिन बाद बयान जारी किया गया है। इससे पहले से ही मामला सोशल मीडिया और लोगों के बीच चर्चा में था।

कई सवाल अब भी अनसुलझे

दीपक लोधी ने कथित तौर पर अपना प्राइवेट पार्ट क्यों काटा, यह सवाल अभी भी बना हुआ है। वहीं, आश्रम के बाहर अपने परिजनों की तलाश में पहुंचे परिवारों को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।

घटना के बाद राधा केलि कुंज आश्रम लगातार चर्चा में है। साथ ही मथुरा पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि कथित आत्महत्या के 9 दिन बाद तक मामले में मुकदमा क्यों दर्ज नहीं किया गया।

और नया पुराने