एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीत लिया है। उन्होंने गोल्ड मेडल मुकाबले में चीन की बाओ ज़ियी को हराया। खास बात यह है कि लवलीना ने अपने जन्मदिन के दिन यह शानदार जीत हासिल कर पूरे देश को खास तोहफा दिया।
पहले राउंड से बनाई बढ़त
गोल्ड मेडल मुकाबले में लवलीना का सामना चीन की बाओ ज़ियी से हुआ। चीनी खिलाड़ी ने पहले राउंड में आक्रामक शुरुआत की, लेकिन लवलीना ने धैर्य बनाए रखा और सही समय पर अंक हासिल किए। उन्होंने पहला राउंड 3-2 से अपने नाम किया।
दूसरे राउंड में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि, लवलीना ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह राउंड 4-1 से जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने मुकाबले में 2-0 की बढ़त बना ली।
तीसरे राउंड में भी कायम रखा दबदबा
पहले दो राउंड जीतने के बाद लवलीना ने तीसरे राउंड में भी अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने यह राउंड भी 4-1 से अपने नाम किया और मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया।
इस जीत के साथ लवलीना ने एशियन गेम्स में अपना पहला गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले हांगझोऊ गेम्स में फाइनल मुकाबला हारने के कारण उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था। इस बार उन्होंने गोल्ड जीतकर पिछली बार की कमी पूरी कर दी।
इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी लवलीना गोल्ड मेडल मुकाबले तक पहुंची थीं, लेकिन वहां उन्हें सिल्वर मेडल मिला था। अब एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर उन्होंने शानदार वापसी की है।
लवलीना के बाद अब महिला बॉक्सर परवीन और पुरुष बॉक्सर अंकुश के गोल्ड मेडल मुकाबलों पर भी सभी की नजरें हैं। भारत के खाते में अब तक कुल 70 मेडल हो चुके हैं, जिसमें 12 गोल्ड मेडल शामिल हैं।
