प्रयागराज महाकुंभ से चर्चा में आए IIT बाबा उर्फ अभय सिंह की मौत की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। दावा किया जा रहा था कि उनका शव संदिग्ध हालत में मिला है। हालांकि, हरियाणा की हिसार पुलिस ने इस खबर को पूरी तरह गलत बताया है।
हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह के मुताबिक, तीन दिन पहले हिसार के PLA इलाके में राहुल जैन नाम के व्यक्ति का शव मिला था। सोशल मीडिया पर इसी घटना को IIT बाबा से जोड़कर गलत जानकारी फैलाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बरामद शव राहुल जैन का था, अभय सिंह का नहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें।
कौन हैं IIT बाबा?
अभय सिंह मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में डिजाइन में मास्टर्स किया। इसके बाद वे कनाडा चले गए, जहां उन्होंने करीब तीन साल तक नौकरी की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां उनकी सालाना कमाई करीब 36 लाख रुपये थी।
कुछ समय बाद उन्होंने कॉर्पोरेट करियर छोड़कर अध्यात्म का रास्ता अपना लिया। साल 2025 में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान एक इंटरव्यू के बाद वे सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो गए। IIT से पढ़ाई करने के कारण उन्हें ‘IIT बाबा’ के नाम से पहचान मिली।
इस साल उनकी शादी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद से वे सार्वजनिक चर्चा में कम नजर आ रहे थे।
