तखतपुर। बिलासपुर जिले के ग्राम बांधा में अवैध लकड़ी के भंडारण की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर की गई, जहां उनके बेटे राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन की लकड़ी के 31 नग चिरान और सिलपट बरामद हुए। जब्त लकड़ी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
लंबे समय से मिल रही थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बांधा में अवैध रूप से इमारती लकड़ी जमा करने और उसके कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग ने मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई। संयुक्त टीम ने पूर्व सरपंच के निवास पर छापा मारकर लकड़ी बरामद की।
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
टीम ने बरामद सागौन की लकड़ी जब्त कर वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। सागौन कीमती इमारती लकड़ी है, जिसका इस्तेमाल फर्नीचर समेत कई कामों में किया जाता है। इसकी ऊंची कीमत के कारण इसके अवैध भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए विभाग निगरानी कर रहे हैं।
लकड़ी कहां से आई, इसकी जांच जारी
अब जांच में पता लगाया जाएगा कि बरामद लकड़ी कहां से लाई गई थी और क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा अवैध कारोबार सक्रिय है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश की गई है।
