दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन नेताओं को रविवार को रिहा कर दिया गया। इनमें अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल हैं।
कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत ने तीनों को एक साल तक शांति बनाए रखने की शर्त पर रिहा किया। उनकी रिहाई के बाद पार्टी ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा, “कॉकरोच कभी नहीं मरते।”
प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने लिया था हिरासत में
CJP के ये नेता शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की तैयारी में थे। हालांकि, प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें विमान में हिरासत में ले लिया था। इसके बाद रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से रिहाई का आदेश मिला।
ध्रुव राठी की भी हुई रिहाई
इस मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी हिरासत में लिया गया था। वह CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए थे। पुलिस ने उन्हें गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से पकड़ा था। रविवार को उन्हें भी छोड़ दिया गया। हालांकि, निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर दोबारा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने की कोशिश करने पर उन्हें फिर हिरासत में लिया जा सकता है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को रोकने के लिए शनिवार को राजधानी में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, 30 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए थे। इस दौरान 45 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद किए गए और 7 हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
