यूट्यूबर ध्रुव राठी की हिरासत खत्म हो गई है, लेकिन दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस की सख्ती बरकरार है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, ध्रुव अगर जंतर-मंतर पर होने वाले CJP के प्रदर्शन में पहुंचते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
10 अक्टूबर को होने वाले इस प्रदर्शन से पहले पुलिस ने ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया था। उन्हें हिरासत में लेने के लिए दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस की मदद ली थी।
वीडियो के जरिए की थी प्रदर्शन में आने की अपील
ध्रुव राठी ने प्रदर्शन से एक दिन पहले, 9 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में इंडिया गेट नजर आ रहा था और ध्रुव ने लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी।
ध्रुव इससे पहले बेंगलुरु में आयोजित CJP के प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे। उस दौरान अभिनेता प्रकाश राज समेत संगठन से जुड़े कई नेता उनके साथ मौजूद थे।
CJP नेताओं को भी पुलिस ने पकड़ा
ध्रुव राठी के साथ CJP नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया था। खबर के मुताबिक, इन नेताओं को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
अभिजीत दीपके ने हिरासत में लिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया था कि अब प्रदर्शन की कमान अजिंक्य शिंदे संभालेंगे।
क्यों हो रहा है प्रदर्शन?
CJP का यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। एसआईआर (SIR) को लेकर विवाद के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
