रायपुर। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों से सफर करने वालों को अब पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। राज्य सरकार ने बसों के किराये की नई दरें तय कर दी हैं। इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना भी जारी की गई है। नई व्यवस्था में साधारण, डीलक्स और एसी बसों के लिए अलग-अलग किराया निर्धारित किया गया है।
5 किलोमीटर के लिए कितना देना होगा?
सरकार की ओर से जारी दरों के अनुसार, साधारण बस में शुरुआती 5 किलोमीटर की यात्रा के लिए 10 रुपये देने होंगे। इसके बाद हर किलोमीटर पर 1.75 रुपये किराया लगेगा।
वहीं, डीलक्स बस में पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये और इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 2.20 रुपये देने होंगे। एसी सुपर लग्जरी बस में भी शुरुआती 5 किलोमीटर का किराया 12 रुपये रखा गया है, जबकि आगे की यात्रा के लिए प्रति किलोमीटर 3.30 रुपये की दर तय की गई है।
दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी छूट
किराये में बढ़ोतरी के बीच दिव्यांग यात्रियों के लिए राहत का प्रावधान भी किया गया है। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांग यात्रियों को किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके अलावा, निःशुल्क यात्रा के लिए पात्र श्रेणियों के यात्रियों को 100 प्रतिशत किराया छूट देने का प्रावधान है।
एसी स्लीपर बस का किराया भी तय
वातानुकूलित अर्द्ध शयनयान बस में सीट के लिए प्रति यात्री 3 रुपये और शयनयान के लिए 3.30 रुपये की दर निर्धारित की गई है। नई दरें लागू होने से रोजाना बसों में यात्रा करने वाले लोगों के खर्च पर असर पड़ेगा।


