उत्तरप्रदेश: बिजनौर के एक गांव में दो चचेरे भाइयों की मौत के बाद स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। दोनों के इलाज के दौरान HIV संक्रमण की पुष्टि हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के एक महिला से करीबी संबंध थे, जो करीब दो साल तक गांव में किराए के मकान में रही थी।
जानकारी के अनुसार, 51 वर्षीय व्यक्ति की महिला के मकान छोड़ने के बाद तबीयत खराब रहने लगी। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे एम्स ऋषिकेश ले गए। वहां जांच के दौरान HIV संक्रमण की पुष्टि हुई। इलाज के बावजूद उसकी हालत बिगड़ती गई और कुछ दिन पहले उसकी मौत हो गई।
इसके तीन दिन बाद उसके 43 वर्षीय चचेरे भाई की भी तबीयत गंभीर हो गई। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, उसमें भी HIV संक्रमण की पुष्टि हुई थी। एक ही परिवार में कम समय के अंतराल पर दो मौतों के बाद गांव में मामला चर्चा का विषय बन गया।
महिला के संपर्क में रहे लोगों की बढ़ी चिंता
महिला के घर पर अन्य लोगों के आने-जाने की भी जानकारी सामने आई है। दोनों भाइयों में संक्रमण की पुष्टि और उनकी मौत की खबर के बाद उसके संपर्क में रहे लोगों में अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि, किसी व्यक्ति में HIV संक्रमण है या नहीं, यह केवल मेडिकल जांच से ही स्पष्ट हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग कराएगा काउंसलिंग
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए हैं। टीम लोगों को HIV संक्रमण से जुड़ी सही जानकारी देने के साथ जरूरत पड़ने पर जांच कराने के लिए जागरूक करेगी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि संक्रमण की आशंका होने पर घबराने के बजाय अधिकृत स्वास्थ्य केंद्र में गोपनीय जांच करानी चाहिए। समय पर पता चलने और उपचार मिलने पर HIV को दवाओं के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है।
