बालोद में एसिड अटैक का खुलासा: प्रेमी मास्टरमाइंड, दोस्त ने फेंका तेजाब

 

https://www.news4u36.in/2026/10/balod-acid-attack-case-love-affair-conspiracy-two-accused-arrested.html

बालोद। बालोद में युवती पर हुए एसिड अटैक की गुत्थी पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाने का दावा किया है। जांच में सामने आया कि वारदात अचानक गुस्से में नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे पहले से तैयार की गई साजिश थी। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, यश युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि युवती का किसी दूसरे युवक से संबंध भी था। इसी बात को लेकर यश नाराज था और उसने अपने दोस्त करण के साथ मिलकर युवती पर हमला करने की योजना बनाई।

पहले झांकी के दौरान हमला करने वाले थे

जांच में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी काफी समय से वारदात की तैयारी कर रहे थे। करीब तीन महीने पहले हमले की योजना बनाए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था। दोनों ने एसिड की व्यवस्था की और गणेश झांकी के दौरान युवती को निशाना बनाने का प्लान बनाया। हालांकि, झांकी में पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था ज्यादा होने के कारण उस दिन हमला नहीं किया गया।

लाइब्रेरी से लौटते वक्त बनाया निशाना

आखिरकार 5 अक्टूबर को आरोपियों को मौका मिल गया। दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान करण ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया।

हमले के बाद युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिवार को सूचना दी गई और घायल युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

भागने के बाद भी पुलिस से नहीं बच सका आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद करण वहां से निकल गया। पुलिस के मुताबिक, वह तांदुला बांध की ओर गया और फिर झलमला व मरकाटोला होते हुए चारामा की तरफ जाने की कोशिश कर रहा था।

इधर पुलिस ने घटना के तुरंत बाद इलाके के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच यश कुमार सोनकर तक पहुंची।

पूछताछ में खुलती गई साजिश

पुलिस का कहना है कि शुरुआत में यश ने जांच को भटकाने के लिए अलग-अलग बातें बताईं। हालांकि, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के सामने पूछताछ आगे बढ़ने पर पुलिस को घटना में उसकी भूमिका के बारे में अहम जानकारी मिली।

यश से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से पकड़ लिया। इस तरह पुलिस ने घटना के करीब 8 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसिड और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:
यश कुमार सोनकर (20) — निवासी ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद।
करण कुंजाम (20) — निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

और नया पुराने