रायपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में नायब तहसीलदार विपिन पटेल का सड़क पर जन्मदिन मनाते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में वे गाड़ी रोककर केक काटते और फिल्मी गाने पर रील बनाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
सड़क पर रोकी गाड़ी, बनाया वीडियो
वायरल वीडियो में विपिन पटेल बीच सड़क पर गाड़ी रोककर जन्मदिन का केक काटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील भी बनाई गई। जन्मदिन के जश्न में आतिशबाजी किए जाने का दृश्य भी वीडियो में दिखाई दे रहा है।
हाईकोर्ट के निर्देशों पर उठे सवाल
सड़क पर इस तरह जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने को लेकर यातायात नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क पर जन्मदिन मनाने से जुड़े मामलों में हाईकोर्ट पहले ही सख्त निर्देश दे चुका है। ऐसे में सरकारी अधिकारी का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
कार्रवाई पर सबकी नजर
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही किसी कार्रवाई की पुष्टि हुई है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाता है।
