खैरागढ़। मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही देर में भारी नुकसान की चपेट में आ गया। खैरागढ़ जिले के घोटिया गांव में झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में लगी आग ने दुकान संचालक झरना भोंडेकर और उनके पति जयकिशन भोंडेकर को बड़ा आर्थिक झटका दिया है। शुरुआती आकलन में नुकसान 7 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
आग की खबर मिलते ही जुटे ग्रामीण
दुकान से आग की खबर सामने आते ही ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और डायल 112 की टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान बुरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हादसे की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
इतना नुकसान होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल आग लगने की वजह को लेकर है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन अभी किसी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुकान संचालक की शिकायत पर खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने का वास्तविक कारण और नुकसान की पूरी स्थिति जांच के बाद ही सामने आएगी।
