बालोद में सड़क किनारे गूंजी बच्चे की किलकारी, पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर कराई डिलीवरी

 


बालोद। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला की सड़क किनारे डिलीवरी करानी पड़ी। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना फागुनदहा चौक के पास की है। गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेंगनाबरपारा निवासी कुसुमलता सिन्हा अपने पति सतीश सिन्हा के साथ सोनोग्राफी और नियमित जांच के लिए धमतरी जा रही थीं। रास्ते में अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू होने से उन्हें सड़क किनारे रुकना पड़ा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

राहगीरों से जानकारी मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग के आरक्षक मनोज मेश्राम, थमेंद्र देवांगन और वाहन चालक हीरेन्द्र साहू मौके पर पहुंचे। महिला की स्थिति को देखते हुए टीम ने पुरुर शासकीय अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचाया।

स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से हुआ प्रसव

मौके पर पहुंचीं सीएचओ माधवी धुरु, स्टाफ नर्स भारती साहू और वार्ड आया यशोमति साहू ने प्रसव कराने में मदद की। महिला ने सड़क किनारे ही बेटे को जन्म दिया। नवजात का वजन 3 किलो 200 ग्राम बताया गया है।

डिलीवरी के बाद पेट्रोलिंग टीम मां और बच्चे को पुरुर शासकीय अस्पताल लेकर पहुंची। दोनों को आगे की देखभाल के लिए भर्ती कराया गया है।

और नया पुराने