छत्तीसगढ़: IED ब्लास्ट में 3 DRG जवान शहीद

रायपुर। कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर के जंगल में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सर्च ऑपरेशन पर निकली फोर्स जब कोरोसकोडा इलाके में जांच कर रही थी, तभी जमीन में दबे IED को निष्क्रिय करते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया।

धमाका इतना तेज था कि मौके पर मौजूद जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में 3 DRG जवान मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान परमानंद कोमरा को तुरंत इलाज के लिए कांकेर भेजा गया है।

शहीद जवानों में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढपाले शामिल हैं।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. के मुताबिक, सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर इलाके में लंबे समय से IED सर्च और डिफ्यूज अभियान चल रहा है। अब तक कई IED बरामद कर निष्क्रिय किए जा चुके हैं, लेकिन इस दौरान यह दुखद घटना हो गई।

और नया पुराने