छत्तीसगढ़: पहले पी शराब, फिर प्रेमिका को दे दी दर्दनाक मौत : Balod Jungle Murder

Balod Jungle Murder: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरामी जंगल में 24 जनवरी को मिली महिला की सड़ी-गली लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सिरफिरे प्रेमी ने ही की थी। आरोपी ने पहले महिला का गला दबाकर उसे बेहोश किया और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जंगल में बदबू से हुआ खुलासा

डौण्डी लोहारा थाना क्षेत्र के गुरामी गांव निवासी एक व्यक्ति 24 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे जंगल की ओर गया था। वहां उसे तेज बदबू महसूस हुई। पास जाकर देखने पर उसे किसी इंसान के पैर की उंगलियां दिखाई दीं। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पत्थर हटाने पर जंगल में एक महिला की सड़ी-गली लाश मिली।

टैटू और कपड़ों से हुई पहचान

पुलिस जांच में पता चला कि 16 जनवरी को एक महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मृतका के भाई को मौके पर बुलाया गया। हाथ पर बने टैटू और पहनावे के आधार पर शव की पहचान कमला राजपूत के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कॉल डिटेल से आरोपी तक पहुंची पुलिस

गुमशुदगी रिपोर्ट के दौरान परिजनों ने महिला का मोबाइल नंबर पुलिस को दिया था। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले, जिसमें आखिरी बार तरौद निवासी नेमीचंद साहू से बातचीत की जानकारी मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने नेमीचंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

जंगल में लव स्टोरी का खौफनाक अंत

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके और कमला के बीच प्रेम संबंध थे। 16 जनवरी को दोनों मिले और बाइक से गुरामी जंगल पहुंचे। आरोपी ने बताया कि वे अक्सर इसी जंगल में मिला करते थे।

जंगल में शराब पीने के बाद नेमीचंद ने कमला से शादी कर अपने घर चलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन कमला ने इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर नेमीचंद ने कमला का गला घोट दिया। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।

इसके बाद आरोपी ने उसे घसीटकर जंगल के निचले हिस्से में ले गया। जब कमला की सांसें चल रही थीं, तब उसने एक भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया ताकि पहचान न हो सके। सबूत मिटाने के लिए शव को पत्थरों से ढक दिया।

मोबाइल तोड़कर सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद कमला के फोन पर लगातार परिजनों के कॉल आ रहे थे। आरोपी मोबाइल अपने साथ घर ले गया और रातभर सो गया। अगली सुबह काम के लिए ट्रेन से दुर्ग गया। दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचकर उसने मोबाइल तोड़ दिया और रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।

आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर—

मृतका की टूटी चूड़ियां

हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर

शराब की बोतल

कमला का मोबाइल फोन


बरामद किया। इसके बाद आरोपी नेमीचंद साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

और नया पुराने