कोरबा में रिटायर्ड ASI के सूने घर में चोरी, बेटी की शादी के जेवर ले उड़े चोर

कोरबा।कोरबा के सीएसईबी कॉलोनी में एक रिटायर्ड एएसआई के सूने घर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने बेटी की शादी के लिए रखे करीब 10 लाख रुपये के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के मिट्टी कार्यक्रम (Funeral) में शामिल होने बाहर गए हुए थे। घर की चाबी उन्होंने पड़ोसी और रिश्तेदार को देकर छोड़ी थी।

शनिवार को जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी में रखे सभी कीमती जेवर गायब थे। इससे परिवार के होश उड़ गए।

यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड एएसआई ने अपनी बेटी की शादी के लिए जेवरात खरीदकर सुरक्षित रखे थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।

और नया पुराने