बिलासपुर। सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल पर प्रकाशित खबरों को लेकर विवादों में रहे दीपक टंडन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ‘द हनी बैजर न्यूज’ से जुड़े टंडन पर तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस ने उसे रायपुर के एक अपार्टमेंट से हिरासत में लिया।
मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई शिकायत से हुई। मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ खबरों को आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। इनमें AI की मदद से तस्वीरों को बदलकर गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे लोगों और संस्थाओं की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी।
दो मोबाइल फोन बने जांच का हिस्सा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंची। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि इनमें कई फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनका संबंध न्यूज पोर्टल से बताया जा रहा है। फिलहाल डिजिटल सामग्री की पड़ताल की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा BNS की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसके पुराने आपराधिक मामलों का भी जिक्र किया है। इस केस में अन्य नामजद लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
DSP कल्पना वर्मा से विवाद के बाद भी रहा सुर्खियों में
दीपक टंडन इससे पहले डीएसपी कल्पना वर्मा पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी चर्चा में आया था। उसने दावा किया था कि दोनों के बीच चार साल तक प्रेम संबंध रहे और इस दौरान उसने करोड़ों रुपये, महंगी कार और गहने दिए।
टंडन ने डीएसपी पर ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और रिश्वत से जुड़े आरोप लगाकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी। उसने महादेव सट्टा एप का पैनल चलाने के लिए दबाव डालने का आरोप भी लगाया था। ये सभी आरोप टंडन की शिकायत का हिस्सा हैं, जिनकी पुष्टि इस गिरफ्तारी से नहीं होती।
