पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर टीएमसी और बीजेपी के बीच तनाव बढ़ गया है। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उनके जन्मदिन की रात कोलकाता स्थित आवास के बाहर उनके समर्थकों पर हमला किया गया। उन्होंने इस घटना को अपनी जान लेने की सातवीं कोशिश बताया है।
बताया गया है कि रात करीब 2 बजे कालीघाट स्थित उनके घर के सामने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर मारपीट और पथराव की स्थिति बन गई। बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को जमीन पर गिराकर पीटा गया। इस घटना में दो कार्यकर्ताओं के गंभीर रूप से घायल होने का दावा भी किया गया है।
घायल समर्थकों की हालत का किया जिक्र
अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, एक कार्यकर्ता के अंगूठे के पास के टिश्यू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि दूसरे की आंख के नीचे की हड्डी टूट गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास रिवॉल्वर भी थे और पूरी घटना पुलिस के सामने हुई।
बीजेपी ने आरोपों पर उठाए सवाल
मामले पर बीजेपी नेता दिलीप घोष ने पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक ड्रामा बताया। उनका कहना है कि अभिषेक बनर्जी लोगों की सहानुभूति पाने के लिए भावुक बयान दे रहे हैं।
इससे पहले भी बनर्जी ने अपने घर और कार्यालय की संदिग्ध निगरानी किए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने इस मामले में पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय से जांच की मांग की है।
