जर्मनी के कोलोन शहर में 16 साल की एक लड़की से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद पुलिस ने एक रोबोट को जब्त किया है। मामले में रोबोट को नियंत्रित करने वाले दो युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों के खिलाफ कोई आरोप तय नहीं किया गया है।
लड़की के प्राइवेट पार्ट को छूने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक रोबोट पर 16 वर्षीय लड़की को गलत तरीके से छूने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि दो युवक रोबोट को नियंत्रित कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने घटना का वीडियो बनाया, लाइव स्ट्रीम किया और ऑनलाइन इस पर टिप्पणियां भी कीं।
पहले से प्रोग्राम था या रिमोट से चलाया जा रहा था?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रोबोट की हरकतें पहले से प्रोग्राम की गई थीं या उसे रिमोट के जरिए उसी समय नियंत्रित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच के लिए रोबोट के साथ दोनों युवकों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के पास मिला रोबोट
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। वहां एक वाहन की डिक्की में रोबोट मिला। बताया गया है कि रोबोट का मालिक 16 साल का है, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा युवक 19 वर्षीय है। रोबोट की लंबाई करीब 120 सेंटीमीटर यानी लगभग 4 फीट बताई गई है।
महिला को धक्का देने का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रोबोट महिलाओं के एक समूह के पास जाता, एक महिला को धक्का देता और कुछ अन्य महिलाओं को गले लगाता दिखाई देता है। वीडियो में एक युवक रोबोट को पीछे खींचता हुआ भी नजर आता है।
पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो पर मजाकिया और अनुचित टिप्पणियां करने को लेकर भी चिंता जताई है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं का मजाक उड़ाने और वीडियो साझा करने से पीड़ितों पर बुरा असर पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
