दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गरबा कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच विवाद हो गया। पद्मनाभपुर के हॉकी ग्राउंड में हुए इस कार्यक्रम में दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह कार्यक्रम पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से आयोजित किया गया था। दो दिवसीय गरबा नाइट के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फिल्मी गाने बजाने और कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई।
वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक से विरोध करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान आयोजकों और रामलोचन तिवारी के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी।
रामलोचन तिवारी ने कहा कि गरबा मां दुर्गा की उपासना का पर्व है, इसलिए इसमें फिल्मी गाने नहीं बजने चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों को प्रवेश देने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि यदि उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है, तो उनके परिवार की महिलाओं और बेटियों को भी कार्यक्रम में लाया जाए।
इस मामले में गरबा आयोजकों की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
