नई दिल्ली। जंतर-मंतर के पास INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की अब जांच के घेरे में है। दिल्ली पुलिस इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े मोबाइल वीडियो और दूसरे फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस का फोकस उन लोगों की पहचान पर है, जिन पर पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और बदसलूकी का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को कई ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें महिला पुलिस अधिकारियों और कांस्टेबलों के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है। जांच टीम इन वीडियो को बारीकी से देख रही है और अलग-अलग फुटेज को आपस में जोड़कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत कहां से हुई थी।
प्रदर्शन के दौरान आमने-सामने आए पुलिस और प्रदर्शनकारी
दरअसल, INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्षी दल SIR को लेकर कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद पुलिस बैरिकेड के आगे पहुंच गए। उन्होंने जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की। राहुल गांधी ने बैरिकेड से जुड़े गेट को खोलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
पुलिस पर भी गंभीर आरोप
घटना को लेकर कांग्रेस ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि कार्रवाई में कई विपक्षी नेता घायल हुए। प्रियंका गांधी भी प्रदर्शन के दौरान जमीन पर लेटी नजर आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें गिरा दिया।
इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया।
अब FIR दर्ज करने की तैयारी
पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पहचान और घटनाक्रम की जांच पूरी होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की जा सकती है।
इन धाराओं में सरकारी कर्मचारी पर हमला, उसकी ड्यूटी में बाधा डालना और सरकारी कामकाज में रुकावट पैदा करने जैसे आरोप शामिल हो सकते हैं।
पुलिस मंगलवार को हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले की भी जांच कर रही है। उस प्रदर्शन को लेकर पहले ही FIR दर्ज की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी।
