रायपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी की है। सोमवार को होने वाले इस आंदोलन में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता भी शामिल होंगे। पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर विधायक रविवार शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
दिल्ली पहुंचने के बाद कांग्रेस मुख्यालय में छत्तीसगढ़ के विधायकों की बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रदर्शन की रूपरेखा तय की जाएगी। कांग्रेस की ओर से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी भी की जा रही है।
इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कई नेता शामिल होंगे। सभी के शाम 6:40 बजे दिल्ली रवाना होने की जानकारी दी गई है।
अमरजीत भगत ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण देशभर में विरोध हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संकट पैदा करने और चुनाव आयोग पर निष्पक्षता से काम नहीं करने का आरोप लगाया।
भगत के मुताबिक, राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेता इस मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नेता भी दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में हिस्सा लेंगे।