अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर में गोलीबारी की कथित साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 19 साल का एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस श्री वेंकटेश्वर मंदिर को निशाना बनाने की तैयारी में था। आरोप है कि वह लोगों पर गोली चलाना चाहता था, लेकिन उसकी राइफल जाम हो गई और वह फायरिंग नहीं कर पाया।
मंदिर पर हमले की थी तैयारी
यह मंदिर अमेरिका के ऑरोरा शहर में है। नवरात्रि के दौरान यहां गरबा और पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। पुलिस को आरोपी के पास से एक राइफल, सैकड़ों गोलियां, शरीर की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाली शील्ड और एक दस्तावेज मिला। अधिकारियों के मुताबिक, उस दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववाद और भारतीय मूल के लोगों के प्रति नफरत से जुड़ी बातें लिखी थीं।
सहकर्मी को फोन कर बताई बंदूक जाम होने की बात
अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपी ने रविवार को अपने एक सहकर्मी को फोन करके बताया कि उसकी बंदूक जाम हो गई है। इसके बाद वह वहां से तेजी से निकल गया। उसके सहकर्मियों ने पुलिस को कुछ संदिग्ध संदेशों और गोलीबारी की योजना से जुड़े दस्तावेज के बारे में भी बताया।
आरोपी को जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने समेत आरोपों में गिरफ्तार किया है। अदालत ने आदेश दिया है कि मुकदमा शुरू होने से पहले उसे जेल में रखा जाए। उसकी अगली पेशी 30 अक्टूबर को होगी। मामले की जांच अमेरिकी न्याय विभाग करेगा।
