महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भारत को क्यों मिली? जानिए पूरी वजह

भारत को एक और बड़े ICC टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 अब भारत में खेली जाएगी। ICC के मुताबिक, टूर्नामेंट के सभी मुकाबले मुंबई और वडोदरा में होंगे।

यह टूर्नामेंट 14 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।

श्रीलंका से क्यों छीनी गई मेजबानी?

पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पहले श्रीलंका को मिली थी। लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) के कामकाज में सरकारी दखल को लेकर ICC की चिंता के बाद टूर्नामेंट को भारत में शिफ्ट कर दिया गया।

ICC के नियमों के मुताबिक, उसके सदस्य क्रिकेट बोर्डों को सरकारी हस्तक्षेप से स्वतंत्र होकर काम करना चाहिए। श्रीलंका में सरकार की बनाई 'ट्रांसफॉर्मेशन कमिटी' क्रिकेट बोर्ड के ढांचे और संविधान में बदलावों की निगरानी कर रही थी। इसी वजह से ICC और SLC के बीच स्थिति असहज हो गई।

इसके बाद ICC ने मेजबानी के लिए भारत, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के विकल्पों पर विचार किया और अंत में भारत को चुना।

भारत में कहां होंगे मुकाबले?

टूर्नामेंट के सभी मैच दो मैदानों पर खेले जाएंगे:

  • ब्रेबोर्न स्टेडियम, मुंबई
  • वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम

कौन-कौन सी टीमें लेंगी हिस्सा?

पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी में कुल 6 टीमें खेलेंगी:

  • भारत
  • ऑस्ट्रेलिया
  • इंग्लैंड
  • न्यूजीलैंड
  • दक्षिण अफ्रीका
  • श्रीलंका

टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। इसके बाद फाइनल 28 फरवरी 2027 को खेला जाएगा।

पाकिस्तान क्यों नहीं खेलेगा?

पाकिस्तान की महिला टीम टी-20 रैंकिंग के आधार पर इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। इसलिए टूर्नामेंट के सभी मुकाबले भारत में ही आयोजित किए जाएंगे।

जय शाह ने क्या कहा?

ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि महिला चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण महिला क्रिकेट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा। इससे दुनिया की शीर्ष टीमों को एक-दूसरे के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा और टी-20 क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी।

और नया पुराने