छत्तीसगढ़ के लिए खेलेंगे IPL और Team India के स्टार? सामने आया बड़ा अपडेट

Yash Dayal Chhattisgarh: रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) आगामी घरेलू सीजन के लिए अपनी प्रथम श्रेणी टीम को मजबूत बनाने की तैयारी में जुट गया है। इसी कड़ी में तेज गेंदबाज यश दयाल, अनुभवी स्पिनर धर्मेंद्रसिंह जडेजा और भारतीय टीम के लिए खेल चुके ऑलराउंडर जयंत यादव को टीम से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

इस बीच, पूर्व भारतीय बल्लेबाज अमय खुरासिया को टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव से टीम के प्रदर्शन में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।

यश दयाल बदलेंगे टीम

यश दयाल 2026-27 घरेलू सीजन से उत्तर प्रदेश की जगह छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। इसके लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) की प्रक्रिया चल रही है और जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

प्री-सीजन कैंप में दिखे खिलाड़ी

सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक के आलूर में आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के प्री-सीजन कैंप में यश दयाल के साथ जयंत यादव और धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने भी हिस्सा लिया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि टीम नए सीजन के लिए मजबूत संयोजन तैयार कर रही है।

शानदार रहा घरेलू रिकॉर्ड

यश दयाल ने अब तक 27 प्रथम श्रेणी मैचों में 84 विकेट, 23 लिस्ट-ए मुकाबलों में 36 विकेट और 71 टी-20 मैचों में 66 विकेट लिए हैं। उन्हें 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में भी चुना गया था, हालांकि डेब्यू का मौका नहीं मिला।

टीम को मिलेगी नई ताकत

अगर तीनों खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ टीम से जुड़ना तय हो जाता है, तो आगामी घरेलू सीजन में टीम पहले से कहीं अधिक मजबूत नजर आ सकती है। हालांकि, इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए टीम में जगह बनाना चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है।

और नया पुराने