छत्तीसगढ़: PM आवास पर छिड़ी बहस! उपसरपंच की हुई पिटाई

अभनपुर। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा उस समय विवादों में घिर गई, जब उपसरपंच पोखन लाल यदु ने बैठक के दौरान और बाद में अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कर सरपंच के पुत्र सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीएम आवास सूची को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, 24 जून को पंचायत की आमसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची पर चर्चा हो रही थी। सूची में 169 हितग्राहियों के नाम शामिल थे, लेकिन कई ग्रामीणों के नाम नहीं होने से नाराजगी बढ़ गई। कुछ लोगों ने इसके लिए उपसरपंच को जिम्मेदार ठहराया।

उपसरपंच ने लगाए गंभीर आरोप

पोखन लाल यदु का आरोप है कि बैठक के दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ माहौल बनाया। सभा खत्म होने के बाद कथित रूप से उनका कॉलर पकड़कर पंचायत भवन के बाहर ले जाया गया, जहां कई लोगों ने मिलकर उनसे मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनकी बाइक भी गिरा दी गई।

वीडियो बनने का भी दावा

उपसरपंच ने शिकायत में बताया है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया है। मारपीट में उनके जबड़े में चोट आई है और उन्हें लगातार दर्द हो रहा है।

निष्पक्ष जांच की मांग

पोखन लाल यदु का कहना है कि पहले भी पंचायत बैठकों में उनके साथ अभद्रता और मारपीट की कोशिश की जा चुकी है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

और नया पुराने