छत्तीसगढ़ में बस सफर हो सकता है महंगा, परिवहन मंत्री से मिले ऑपरेटर

रायपुर। डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच में अब छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने बस किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। महासंघ के पदाधिकारी परिवहन मंत्री Kedar Kashyap से मिले और ज्ञापन सौंपकर बस संचालकों की परेशानी बताई।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष Syed Anwar Ali ने कहा कि प्रदेश में आखिरी बार सितंबर 2021 में किराया बढ़ाया गया था। इसके बाद डीजल, टायर, बीमा, बस बॉडी, स्पेयर पार्ट्स और कर्मचारियों के वेतन समेत सभी खर्च लगातार बढ़ते गए हैं। पिछले 15 दिनों में ही डीजल के दाम चार बार बढ़ चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से फिटनेस, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, पैनिक बटन और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जैसे सुरक्षा नियम लागू होने से बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

सामान्य बस में 50% और एसी बस में 30% किराया बढ़ाने की मांग

महासंघ का कहना है कि मार्च 2025 की अधिसूचना के बाद यात्री किराए में करीब 25 प्रतिशत तक कमी की गई थी, जबकि खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सामान्य बसों के किराए में 50 प्रतिशत और डीलक्स/एसी बसों के किराए में 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की मांग की गई है।

रायपुर-जगदलपुर और रायपुर-दुर्ग रूट पर असर

महासंघ के मुताबिक, रायपुर से जगदलपुर का मौजूदा किराया करीब 600 रुपए है, जो बढ़कर 700 से 750 रुपए तक पहुंच सकता है। वहीं रायपुर से दुर्ग का किराया 50 रुपए से बढ़कर करीब 75 रुपए होने की संभावना जताई गई है।

महासंघ ने सरकार से डीजल की कीमतों के आधार पर किराया तय करने के लिए स्थायी नियम बनाने की भी मांग की है।

और नया पुराने