फेसबुक दोस्ती का खौफनाक अंजाम! कांस्टेबल पर शिक्षिका ने लगाए गंभीर आरोप

जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका ने पुलिस विभाग में पदस्थ एक कांस्टेबल पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका के पति का निधन वर्ष 2020 में हो गया था। वह अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी। इसी दौरान साल 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए आरक्षक रूद्रमणी यादव से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां भी बढ़ गईं।

पीड़िता का आरोप है कि 28 अप्रैल 2023 को आरोपी उसे घूमाने के बहाने बटईकिला क्षेत्र ले गया। वहां सुनसान जगह पर उसके साथ जबरदस्ती की गई। महिला का कहना है कि इसके बाद आरोपी लगातार संबंध बनाता रहा और शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दवाइयां खिलाकर दोनों बार गर्भपात करा दिया। जब शिक्षिका ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर बदनाम करने, गाली-गलौज करने और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

मामले में पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 376(2)(N) समेत एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

और नया पुराने