राज्यपाल रमेन डेका ने दिनेश मिरानिया को दी श्रद्धांजलि, आतंकी हमले में हुआ था निधन

रायपुर। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया की मौत के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सभी विधायकों ने दिनेश मिरानिया के समता कॉलोनी स्थित घर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

45 वर्षीय दिनेश मिरानिया अपनी शादी की सालगिरह मनाने परिवार के साथ कश्मीर के बैसरन घाटी गए थे। उसी दिन आतंकियों ने हमला कर दिया, जिसमें दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। उस वक्त उनकी पत्नी नेहा, बेटा शौर्य और बेटी लक्षिता भी साथ थे।

हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिनेश मिरानिया के परिवार से मुलाकात की और दुख जताया। उन्होंने कहा कि "निर्दोष लोगों की जान लेने वाले आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा।"

दिनेश मिरानिया रायपुर में स्टील का कारोबार करते थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे और समता कॉलोनी में रहते थे। उनका परिवार मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और कई वर्षों से रायपुर में बस गया है।

https://twitter.com/ANI/status/1915251984703107492
और नया पुराने