जगदलपुर के शोरूम में युवती की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

 


जगदलपुर। बाफना लाइफस्टाइल शोरूम में काम करने वाली दीपा सागर की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शोरूम की छत पर उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार ने इसे सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

परिवार के अनुसार, दीपा 21 अक्टूबर से शोरूम में काम कर रही थी। घटना वाले दिन शाम 6 बजे के बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में शोरूम पहुंचे, लेकिन उन्हें उसकी कोई जानकारी नहीं मिली।

परिजनों ने शोरूम प्रबंधन पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समय पर नहीं दिखाए गए। शव देखने के बाद परिवार ने शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने का दावा भी किया है। इन्हीं बातों को लेकर उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस एफएसएल टीम के साथ शोरूम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

और नया पुराने