टीवी के मशहूर शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कार्तिक गोयनका का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता मोहसिन खान ने अपनी मंगेतर तमन्ना से शादी कर ली है। दोनों ने परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में निजी समारोह में शादी की।
शादी के बाद मोहसिन ने सोशल मीडिया पर तमन्ना के साथ अपनी एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की। तस्वीर में दोनों साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। मोहसिन सफेद टक्सीडो में, जबकि तमन्ना पीच रंग के आउटफिट में दिखाई दीं। फोटो के साथ मोहसिन ने लिखा, “क्या दिन है, माशाअल्लाह।”
शादी के वीडियो भी वायरल
मोहसिन और तमन्ना की शादी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक वीडियो में दोनों शाहरुख खान की फिल्म ‘रा.वन’ के गाने ‘छम्मक छल्लो’ पर डांस करते दिखे। वहीं, एक अन्य वीडियो में दोनों ‘दिलवाले’ के गाने ‘जनम जनम’ पर थिरकते नजर आए।
शादी की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद फैंस के साथ टीवी और फिल्म जगत के सितारों ने भी कपल को बधाई दी।
कार्तिक के किरदार से मिली पहचान
मोहसिन खान को ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में कार्तिक गोयनका के किरदार से घर-घर में पहचान मिली। उन्होंने 2014 में ‘लव बाय चांस’ से एक्टिंग करियर शुरू किया था। इसके बाद वह ‘निशा और उसके कजन्स’, ‘ड्रीम गर्ल’ और कई वेब सीरीज में भी नजर आए।
