महासमुंद: रिपेयरिंग दुकान में अचानक भड़की आग, लाखों का सामान जलकर खाक :Repair Shop Fire Mahasamund

Repair Shop Fire Mahasamund : महासमुंद। शहर के इमलीभाठा वार्ड में रविवार दोपहर टीवी-फ्रिज रिपेयरिंग दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा टीवी, फ्रिज और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकान से उठता काला धुआं देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

जानकारी के मुताबिक, डीके फ्रिज-टीवी सेंटर में दोपहर करीब 12 बजे आग लगी। दुकान संचालक धनेश निषाद को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा। शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। दुकान के अंदर रखे टीवी, फ्रिज और रिपेयरिंग से जुड़े अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। इससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

स्थानीय लोगों ने टैंकर से बुझाने की कोशिश की

दुकान रिहायशी इलाके में होने के कारण आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने का खतरा बना हुआ था। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद और स्थानीय लोगों ने टैंकर के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया।

बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच भी जारी है।

और नया पुराने