भागवत के कार्यक्रम पर ममदानी से भिड़ीं मैरी मिलबेन, बोलीं- अपनी रैली करो!

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कार्यक्रम का समर्थन नहीं करने की बात कही है। इसके बाद अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने ममदानी और कार्यक्रम के अन्य आलोचकों पर निशाना साधा है।

मिलबेन ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि ममदानी और उनके समर्थक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के विरोध के कारण भागवत के कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने ममदानी को सलाह दी कि अगर वह इस आयोजन के खिलाफ हैं तो खुद पैसे जुटाकर मैडिसन स्क्वायर गार्डन किराए पर लें और अपनी अलग रैली करें।

'कार्यक्रम निजी है, इसे रोकना मुश्किल'

ममदानी ने कहा है कि वह भागवत के कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि यह एक निजी आयोजन है और शहर प्रशासन के पास इसे रद्द करने का अधिकार है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। कार्यक्रम 29 अगस्त को होने वाला है और इसमें करीब 5,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

'Oneness' थीम का मिलबेन ने किया समर्थन

मिलबेन ने कार्यक्रम की 'Oneness' यानी एकता थीम की तारीफ की। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोजन में भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर भी सार्थक चर्चा होगी।

कौन हैं मैरी मिलबेन?

मैरी मिलबेन अमेरिकी गायिका और अभिनेत्री हैं। भारत में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2023 की अमेरिका यात्रा के दौरान राष्ट्रगान 'जन गण मन' गाने के बाद चर्चा में आई थीं। वह भारत और मोदी की समर्थक के तौर पर भी जानी जाती हैं।

और नया पुराने