राजनांदगांव: मुस्कान की मौत का खुला राज, 3 हुए गिरफ्तार

राजनांदगांव। जिले के मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसोर्ट में 24 वर्षीय युवती मुस्कान की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने रिसोर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूतों की गहन जांच की गई। इसके आधार पर रिसोर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि युवती को उसके साथियों ने रायपुर ले जाते समय शराब पिलाई थी। इसके बाद सभी वापस मनगटा स्थित रिसोर्ट पहुंचे, जहां रिसोर्ट संचालक पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 जून को वे रायपुर में पार्टी करने के बाद देर रात रिसोर्ट पहुंचे थे। यहां भी पार्टी जारी रही। पुलिस के मुताबिक, युवती के नशे की हालत में होने का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए, जिससे उसे चोटें भी आईं।

अगली सुबह युवती का शव बाथरूम में मिला। इसके बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर रिसोर्ट को सील कर दिया गया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), राजनांदगांव
छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), राजनांदगांव
घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), दुर्ग

और नया पुराने